सरायकेला/ Bipin Varshney कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमपुर स्थित नीरज बैरा और प्रधान माझी के होटल में गुरुवार अहले सुबह करीब 4.30 बजे भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते दोनों होटल पूरी तरह जलकर खाक हो गए.

घटना के समय कांड्रा थाना पुलिस क्षेत्र में गश्ती कर रही थी. आग की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आधुनिक पावर कंपनी के अग्निशमन वाहन को मौके पर बुलाया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
आग में नीरज बैरा के होटल का पूरा फर्नीचर, किचन सामग्री, बर्तन और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया. वहीं प्रधान माझी का होटल, जो अधिकतर बंद रहता था, उसमें रखा सारा सामान भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह स्वाहा हो गया. आग इतनी भयावह थी कि दोनों होटलों की संरचना भी ध्वस्त हो गई.
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. घटना से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है.
देखिए video

