कांड्रा: कांड्रा थाना क्षेत्र के डोकाकुली गांव में गुरुवार दोपहर बच्चा चोरी की आशंका को लेकर अचानक अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, दो महिलाएं पीयूष कालिंदी नामक एक बच्चे को अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दीं. इसी दौरान बच्चे के परिवार की एक महिला की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया.

परिजन द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण खेत की ओर दौड़ पड़े. ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख एक महिला मौके से भागने में सफल रही, जबकि दूसरी महिला को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. इस दौरान ग्रामीणों के आक्रोश का सामना महिला को करना पड़ा.
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़ी गई महिला को अपने साथ थाना ले गई. पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम दूरी बताया और स्वयं को शारदाबेड़ा की निवासी बताया है.
स्थानीय स्तर पर की गई जानकारी में सामने आया कि महिला के पारिवारिक विवाद की स्थिति है. बताया गया कि उसके भाई द्वारा मारपीट किए जाने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहती है और इधर-उधर भटकती रहती है.
थाना प्रभारी ने पूरे घटनाक्रम को अफवाह बताया है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

