कांड्रा/ Bipin Varshney थाना अंतर्गत डुमरा गांव में एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला. मृतक की पहचान 25 वर्षीय भुवनेश्वर मंडल के रूप में हुई, जो सनातन मंडल का पुत्र था. वह गुजरात में काम करता था और 15 दिन पहले ही गांव आया था.

युवक का शव मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है. परिजनों के अनुसार, युवक सोमवार रात 9 बजे घर से निकला था और वापस नहीं आया. परिजनों ने युवक के नशे की लत का हवाला देते हुए आत्महत्या की आशंका जताई है. लेकिन शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, क्योंकि शव झूल रहा था और दोनों पैर घुटनों से मुड़े हुए और जमीन से सटे हुए थे. बता दें कि डुमरा गांव में अवैध महुआ शराब का उत्पादन होता है, जिसकी चर्चा ग्रामीणों के बीच हो रही है.ग्रामीणों का मानना है कि जब तक अवैध शराब उत्पादन बंद नहीं होता, ऐसी घटनाएं होती रहेंगी और ग्रामीणों के परिवार उजड़ते रहेंगे. इस तरह की घटनाएं पहले भी कई जगहों पर देखी गई हैं, जहां नशे की लत और मानसिक तनाव के कारण युवकों ने आत्महत्या की है.

