कांड्रा/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र में अवैध अफीम एवं पोस्ता खेती के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने जागरूकता अभियान चलाया. सोमवार को पुलिस अधीक्षक सरायकेला के निर्देशानुसार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में कांड्रा थाना प्रभारी द्वारा ग्राम उदयपुर एवं ग्राम कालाझोर में ग्रामीणों को जागरूक किया गया.

इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को अफीम एवं पोस्ता की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी. ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और अवैध गतिविधियों में शामिल न होने की अपील की गई.
वहीं बढ़ती ठंड को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा दोनों गांवों के गरीब, वृद्ध एवं असहाय लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया गया. इस मानवीय पहल से ग्रामीणों में खुशी देखी गई और लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस सकारात्मक पहल की सराहना की. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध नशा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ- साथ जागरूकता अभियान भी लगातार जारी रहेगा.

