कांड्रा/ Bipin Varshney अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड के गेट पर 6 अक्टूबर को कलींदी परिवार द्वारा किए गए शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान कंपनी के गेट इंचार्ज तारकनाथ पर अभद्र व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी करने का गंभीर आरोप लगाया गया है. इस संबंध में गोविंद कालिंदी, पिता वीरेंद्र कालिंदी, निवासी कांड्रा ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.

आवेदन में कहा गया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था. लेकिन कंपनी कर्मी तारकनाथ ने आंदोलन को बाधित करते हुए “डोम”, “चमार”, “घासी” जैसे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया. यह अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत एक गंभीर अपराध है.
इसके अलावा, 9 सितंबर 2025 को कंपनी के ही आर. एन. प्रसाद द्वारा गोविंद कालिंदी को मारपीट की धमकी दी गई थी. आवेदनकर्ता ने दोनों घटनाओं की CCTV फुटेज सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच की मांग की है.
गोविंद कालिंदी ने थाना प्रभारी से दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध SC/ST Act और IPC की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. साथ ही घटना की प्रति उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) को भेजने का आग्रह किया है.
कालिंदी परिवार का कहना है कि वे वर्ष 2003 में कंपनी से हुए समझौते के तहत रोजगार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से अपनी सुरक्षा और सम्मान की रक्षा की अपेक्षा जताई है.

