चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिम सिंहभूम के तत्वावधान में सोनुआ प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और गांवों में ‘जस्टिस ऑन व्हील’ के माध्यम से निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया. कार्यक्रम का मार्गदर्शन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर द्वारा किया गया.

चलंत वाहन राघोई, तैरा, आसनतालिया और भालुरुंगी गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों को डीएलएसए द्वारा संचालित ‘जागृति’ योजना की जानकारी दी गई. वक्ताओं ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य नुक्कड़ नाटक, हैंडबुक और कार्यशालाओं के माध्यम से कमजोर वर्गों को कानूनी रूप से साक्षर बनाना है. योजना के तहत मुफ्त कानूनी सहायता, लोक अदालत तथा महिलाओं और बच्चों के लिए विधिक साक्षरता को बढ़ावा दिया जाता है.

सोनुआ बाजार और चांदनी चौक में भी लोगों की समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए गए. व्यापारी वर्ग को बाल श्रम और बाल विवाह कानून की जानकारी देते हुए बताया गया कि बच्चों से श्रम कराना अपराध है और उनके मौलिक अधिकारों का हनन है. कार्यक्रम की जानकारी प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने दी.
इस अवसर पर पीएलवी श्रीकांत प्रधान, नीता कोड़ा, अरूप कुमार प्रधान, राज शेखर रवानी, स्वेता रवानी, मंजू जामूदा, राजेंद्र महतो, राजमुनी गगराई एवं आशा महतो उपस्थित रहे.

