जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अपने चुनाव प्रचार को आध्यात्मिक रंग दिया. सुबह उन्होंने चौक बाजार स्थित ऐतिहासिक सत्यनारायण मंदिर पहुंचकर माता पार्वती और भगवान भोलेनाथ की विधि- विधान से पूजा- अर्चना की. उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. इसके बाद वे भव्य शिव बारात में शामिल हुईं और स्थानीय लोगों का उत्साह बढ़ाया.

महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए रिंकू सिंह ने कहा, “देवाधिदेव महादेव की ही तरह प्रजातंत्र में जनता सर्वोपरि है. जिस प्रकार ईश्वर का आशीर्वाद सर्वोपरि है, उसी प्रकार लोकतंत्र में जनता का आदेश अंतिम होता है. जुगसलाई का भविष्य यहां की प्रबुद्ध जनता के हाथों में है.” *विंध्यवासिनी कॉलोनी से डिकॉस्टा रोड तक पदयात्रा* रिंकू सिंह के समर्थन में समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने एक विशाल पदयात्रा निकाली. यह पदयात्रा विंध्यवासिनी कॉलोनी से शुरू होकर विभिन्न मोहल्लों से होते हुए डिकॉस्टा रोड तक पहुंची. पदयात्रा में युवा, महिला और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. पूरे मार्ग में “रिंकू सिंह जिंदाबाद” और “ईंटें छाप” के नारे गूंजते रहे. समर्थकों ने घर-घर जाकर लोगों को क्रम संख्या 08 के पक्ष में मतदान करने की अपील की और भारी बहुमत से विजय दिलाने का आग्रह किया. *जुगसलाई के सर्वांगीण विकास का संकल्प* जनसंपर्क के दौरान रिंकू सिंह ने कहा कि उनके पास जुगसलाई के सर्वांगीण विकास का ठोस ब्लूप्रिंट तैयार है.

उन्होंने बताया कि स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जुस्को की सेवाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि जुगसलाई की सड़कों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए सुनियोजित पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी. क्षेत्र की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है और वे अपने हर वादे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी. रिंकू सिंह ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास की नई “ईंटें” जोड़ने के लिए उन्हें क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न “ईंटें” पर मुहर लगाकर सेवा का अवसर दें. जनसंपर्क के दौरान दिखे उत्साह को देखते हुए उनका चुनावी अभियान मजबूती से आगे बढ़ता नजर आ रहा है.


