जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रिंकू सिंह ने शनिवार को चौक बाजार, गौरी शंकर रोड और आसपास के इलाकों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया. इसके बाद एमई स्कूल रोड में घर- घर जाकर लोगों से संपर्क किया और मच्छी गोदाम बस्ती में स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक की.

बैठक को संबोधित करते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि जनसेवा उनकी पारिवारिक विरासत है और बहुजन हिताय की भावना के साथ वह चुनाव मैदान में उतरी हैं. उन्होंने कहा कि जुगसलाई की जनता की छोटी से छोटी समस्या का समाधान करना ही उनका एकमात्र लक्ष्य है.
उन्होंने कहा कि जुगसलाई उनके लिए सिर्फ चुनावी क्षेत्र नहीं, बल्कि अपना घर है. यहां का हर निवासी उनके परिवार का सदस्य है. “मैं चुनावी वादे करने नहीं, बल्कि अपने घर के विकास का वचन और दृढ़ संकल्प लेकर आई हूं.” उन्होंने अपने चुनाव चिह्न को अपने विजन से जोड़ते हुए कहा कि जिस तरह एक-एक ईंट से मजबूत इमारत बनती है, उसी तरह उनके इरादे भी मजबूत और ठोस हैं.
रिंकू सिंह ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि पूरे जुगसलाई में टाटा स्टील यूटीलिटीज से पानी और बिजली उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली मिल सके. इसके अलावा महिला कॉलेज की स्थापना, बच्चों के लिए पार्क, जाम की समस्या से निजात, पार्किंग की समुचित व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनके एजेंडे में शामिल है. उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. प्रत्येक मतदाता से उन्होंने क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न “ईंटें” छाप पर मुहर लगाकर सेवा का अवसर देने की अपील की.
जनसंपर्क अभियान के दौरान महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने जमकर समर्थन में नारे लगाए. विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने रिंकू सिंह का स्वागत करते हुए उनके प्रति आस्था व्यक्त की.

