जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. शुक्रवार को भारत सरकार के कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह जुगसलाई पहुंचे और अध्यक्ष पद की एनडीए समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह के पक्ष में रोड शो एवं पदयात्रा की. उन्होंने मतदाताओं से क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न ईंटें छाप पर मुहर लगाकर भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की.

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रिंकू सिंह की जीत राष्ट्रीयता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने स्व. शिबू सोरेन के जीवन उद्देश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य आदिवासी समाज की रक्षा करना था. साथ ही उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया.
गिरिराज सिंह ने कहा कि नगर की सुरक्षा का सीधा संबंध देश की सुरक्षा से है. नगर सुरक्षित रहेगा तो जिला और राज्य सुरक्षित रहेगा, और राज्य सुरक्षित रहेगा तो देश भी सुरक्षित रहेगा. उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को राज्य और राष्ट्रहित से जोड़कर देखना चाहिए.

उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों को सम्मान और अधिकार दिया गया है. यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर भी स्थिति स्पष्ट है और इस पर अनावश्यक राजनीति नहीं होनी चाहिए.
एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बिहार, असम, केरल और पश्चिम बंगाल में इसे लेकर राजनीति हो रही है. केंद्र सरकार का उद्देश्य किसी नागरिक को मताधिकार से वंचित करना नहीं, बल्कि विदेशियों को रोकना है. उन्होंने जनसमूह से सवाल किया कि क्या विदेशियों को वोट देने दिया जाना चाहिए, जिस पर लोगों ने नकारात्मक जवाब दिया.
उन्होंने कहा कि झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन राजनीति में चालबाजी कर रहा है, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है. जुगसलाई में अलग-अलग उम्मीदवारों को समर्थन देने की रणनीति पर भी उन्होंने सवाल उठाया. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने एकता पर जोर देते हुए कहा कि एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे.
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देशभर के नगर परिषद क्षेत्रों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने पांच हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. झारखंड में रेलवे विकास के लिए सत्तर हजार करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है और हजारों किलोमीटर रेल लाइनों का दोहरीकरण किया गया है.
अल्पसंख्यक की परिभाषा पर पुनर्विचार की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि इस विषय पर सड़क से संसद तक चर्चा होनी चाहिए.
इससे पूर्व रोड शो टाटानगर रेलवे स्टेशन के निकट प्रदीप मिश्र चौक से शुरू होकर वीर कुंवर सिंह चौक, स्टेशन रोड, गौशाला चौक, नया बाजार, मारवाड़ी पाड़ा रोड होते हुए चौक बाजार तक पहुंचा. वहां से केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ गुरुद्वारा तक पदयात्रा की.
रोड शो में प्रत्याशी रिंकू सिंह सहित भाजपा और एनडीए के कई नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए.

