चाईबासा/ JayantPramanik सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की. वह रांची स्थित मोरहाबादी आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अंतिम दर्शन किए.

गौरतलब है कि सोमवार को सांसद जोबा माझी दिल्ली में लोकसभा के मानसून सत्र में भाग ले रही थीं. जैसे ही उन्हें गुरुजी के निधन की सूचना मिली, उन्होंने सत्र स्थगित कर उसी शाम रांची लौटने का निर्णय लिया. शाम को जब शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची लाया गया, उस दौरान भी जोबा माझी एयरपोर्ट पर मौजूद रहीं. मंगलवार को उन्होंने मोरहाबादी आवास पहुंचकर गुरुजी को अंतिम विदाई दी.
जोबा माझी ने कहा कि शिबू सोरेन का जाना झारखंड और आदिवासी समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने जीवनभर हाशिए पर खड़े समाज की आवाज बुलंद की और झारखंड को एक अलग पहचान दिलाई. इस मौके पर राज्य के कई अन्य नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और आम लोग भी गुरुजी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे. मोरहाबादी आवास पर दिनभर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा.

