जमशेदपुर: राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन तथा जमशेदपुर के पूर्व सांसद शहीद सुनील महतो की जयंती के अवसर पर रविवार को जमशेदपुर स्थित अंत्योदय आश्रम में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर झामुमो के युवा नेता सन्नी सिंह और उनकी टीम द्वारा आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों के बीच कंबल और जलपान का वितरण किया गया.


कार्यक्रम के दौरान सन्नी सिंह ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन और शहीद सुनील महतो का पूरा जीवन गरीबों, आदिवासियों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा है. उनकी जयंती पर जरूरतमंदों की सेवा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है. उन्होंने कहा कि झामुमो की विचारधारा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचाने की रही है और इसी भावना के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कंबल और जलपान पाकर आश्रम में रह रहे वृद्धों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली. कार्यक्रम के दौरान सभी वृद्धजनों का हालचाल भी जाना गया और उनके साथ कुछ समय बिताया गया. इस मौके पर मनोज कुमार, रॉबिन हांसदा, रविंद्र माड़ी, राजू, फूलचंद सहित कई युवा कार्यकर्ता मौजूद थे. सभी ने एक स्वर में समाज सेवा को आगे भी जारी रखने की बात कही. कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.

