जामताड़ा/ Manish Baranwal झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति के निर्देश पर शनिवार को जिला कमेटी की ओर से समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया. यह धरना केंद्र सरकार द्वारा लाए गए VB-G RAM G बिल के विरोध में आयोजित किया गया. धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेता प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साव ने किया.

धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाकर नया कानून लाया है, जो पूरी तरह अनुचित है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून के माध्यम से मजदूरों के अधिकारों पर कुठाराघात किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक यह बिल वापस नहीं लिया जाता, तब तक झामुमो सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी.
पार्टी के जिला सचिव परेश चंद्र महतो ने केंद्र सरकार पर मनमानी और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि गरीबों, मजदूरों, आदिवासियों, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों पर जबरन गलत कानून थोपे जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि झामुमो कार्यकर्ता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों को टूटने नहीं देंगे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के विकास को हर हाल में आगे बढ़ाया जाएगा.
धरना प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता रविंद्रनाथ दूबे, आनंद टुडू, प्रदीप मंडल, असित मंडल, सागीर खान, इम्तियाज अंसारी, मेरी मरांडी, सफीक अंसारी, मदन मुर्मू, अनूप पांडे, लालू अंसारी, सुभाष मिर्धा, देवीसन हांसदा, इमरान अंसारी सहित सैकड़ों की संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे.

