सरायकेला/ Pramod Singh झामुमो सरायकेला नगर और प्रखंड समिति के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार को शिक्षा मंत्री और झारखंड आंदोलनकारी रामदास सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया. जोबा माझी कैंप कार्यालय प्रांगण में आयोजित शोक सभा में कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखा.

जिला उपाध्यक्ष भोला महंती ने कहा कि गुरूजी के बाद रामदास सोरेन का जाना माटी और पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है. व्यवसाय मोर्चा जिला अध्यक्ष हरी लोहार ने कहा कि रामदास बाबू आंदोलन की उपज नेता थे और कठिन समय में कोल्हान में पार्टी को मजबूत करने का कार्य किया.
साहित्य और संस्कृति मोर्चा जिला अध्यक्ष अबिनाश कबी ने बताया कि रामदास सोरेन झारखंडी भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण में हमेशा आगे रहते थे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे. निरेन सोरेन ने कहा कि उन्होंने स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दी.
नगर अध्यक्ष शम्भू आचार्य ने कहा कि आज की पीढ़ियाँ उनके संघर्ष और योगदान से प्रेरित हैं और अब जब वे हमारे बीच नहीं रहे तो हमें उनके अधूरे सपनों को पूरा करना होगा.
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेमब्रम, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष उमेश भोल, व्यवसाय मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सौरव साहू, अल्पसंख्यक मोर्चा कोषाध्यक्ष शहजाद आलम, नगर सचिव तपन कामिला सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
