धनबाद: जिले के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां जेएमएम नेता मदन राम पर मामूली विवाद के बाद तीन लोगों को जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप लगा है. घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार डिगवाडीह स्थित एक पान गुमटी को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अपने ही चचेरे भाई उत्सव राम, विवेक राम और विनायक गुप्ता पर गुमटी में रखे पेट्रोल डालकर आग लगा दी. अचानक आग लगने से इलाके में अफरा- तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाने की कोशिश की.
घटना के बाद तीनों घायलों को आनन- फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार उत्सव राम की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य दो का इलाज जारी है.
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मदन राम और उत्सव राम के बीच वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. उनका कहना है कि इससे पहले भी कई बार जानलेवा हमले की कोशिश की जा चुकी है.
बुधवार को जोड़ापोखर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों का बयान दर्ज किया. पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दर्ज बयान व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है.

