जामताड़ा/ Manish Baranwal झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने दुमका जाने के क्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडे रविवार को जामताड़ा पहुंचे. इस दौरान वे पूर्व विधायक विष्णु भैया के आवास पर ठहरे, जहां सादे कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में 2 फरवरी को दुमका में होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों और संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई.

बैठक में पूर्व विधायक की पत्नी चमेली देवी सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे. संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक सक्रियता और कार्यक्रम की सफलता को लेकर रणनीति तय की गई.
इस दौरान केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडे ने केंद्र सरकार के आम बजट पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बजट में झारखंड के साथ खुलेआम सौतेला व्यवहार किया गया है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस बजट में झारखंड को कुछ भी नहीं मिला, जो राज्य की जनता के साथ अन्याय है.
उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है. इसके बावजूद बजट में राज्य के आदिवासी, किसान, मजदूर और युवा वर्ग की पूरी तरह अनदेखी की गई है. यह बजट झारखंड की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला साबित हुआ है.
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी केंद्र सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि झामुमो सड़क से लेकर सदन तक झारखंड के अधिकार और हिस्सेदारी की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी.

