जामताड़ा/ Manish Baranwal झारखंड में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के पलायन के मुद्दे को लेकर रामगढ़ जिले के नावाडीह निवासी अभिषेक कुशवाहा पूरे राज्य की साइकिल यात्रा पर निकले हैं. सरकार और युवाओं दोनों को जागरूक करने के उद्देश्य से उन्होंने अपनी साइकिल पर तिरंगा लगाकर रामगढ़ से यात्रा की शुरुआत की.

शुक्रवार को अभिषेक दुमका के रास्ते फतेहपुर होते हुए मिहीजाम पहुंचे. मैथन जाने के क्रम में उन्होंने बताया कि वे झारखंड के सभी 24 जिलों का भ्रमण साइकिल के माध्यम से करेंगे और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे.
अभिषेक का कहना है कि झारखंड में बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बन चुकी है. पढ़े-लिखे युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी भर्ती प्रक्रियाएं पारदर्शी नहीं हैं और कई बार पेपर लीक, धांधली और देरी के कारण नियुक्तियां लटक जाती हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाता, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है. इस साइकिल यात्रा के माध्यम से वह सरकार का ध्यान रोजगार के मुद्दे पर आकर्षित करना चाहते हैं और युवाओं को भी अपने अधिकारों के प्रति सजग करने का संदेश दे रहे हैं.

