रांची: हरियाणा के भिवाड़ी में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से झारखंड के मजदूरों की हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. घटना की गंभीरता को देखते हुए ईचागढ़ की विधायक सविता महतो और पोटका के विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा के चालू सत्र के दौरान श्रम मंत्री संजय यादव से मुलाकात की. दोनों विधायकों ने मंत्री के समक्ष मांग रखी कि हादसे में मृत मजदूरों के शवों को उनके गृह क्षेत्र ईचागढ़ और पोटका लाने की अविलंब व्यवस्था की जाए, ताकि परिजनों को अंतिम दर्शन का अवसर मिल सके. विधायक सविता महतो ने श्रम मंत्री से आग्रह किया कि इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी और संबंधित निर्माण कंपनी से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाया जाए. उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को न्याय मिलना चाहिए. श्रम मंत्री संजय यादव ने विधायकों को आश्वस्त किया कि सरकार की प्राथमिकता मृतकों के शवों को सम्मानजनक तरीके से रांची मंगवाने और वहां से एंबुलेंस के माध्यम से उनके पैतृक गांवों बनगोड़ा, बुरुहातू और हुंडी तक पहुंचाने की है. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा और संबंधित कंपनी से उचित क्षतिपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी. इस संबंध में जानकारी विधायक सविता महतो के आप्त सचिव राजीव कुमार महतो उर्फ काबलू ने दी.


