जामताड़ा/ Manish Baranwal झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि राज्य में नगर निकायों के चुनाव दलीय आधार पर कराए जाएं और इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का उपयोग हो. इसी मांग को लेकर भाजपा 5 जनवरी को जामताड़ा नगर पंचायत और 7 जनवरी को मिहिजाम नगर परिषद में धरना प्रदर्शन करेगी.

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने बताया कि भाजपा चाहती है कि झारखंड सरकार बिना देरी किए नगर निकाय चुनाव संपन्न कराए. उन्होंने कहा कि जब पूर्व में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराए गए थे, तो वही परंपरा वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार को भी निभानी चाहिए. भाजपा का आरोप है कि सरकार हार के डर से इस बार दलीय आधार पर चुनाव कराने से बच रही है.
भाजपा का तर्क है कि दलीय आधार पर चुनाव होने से जनता को स्पष्ट रूप से विकास और विचारधारा में से चुनने का अवसर मिलता है. वहीं निर्दलीय चुनाव की स्थिति में धनबल का प्रभाव बढ़ जाता है, जिससे ईमानदार और योग्य उम्मीदवारों के लिए चुनाव लड़ना कठिन हो जाता है. भाजपा ने साफ कहा है कि वह इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ने पर न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाएगी.
भाजपा ने सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के तहत धरना- प्रदर्शन की तैयारी पूरी कर ली है. जामताड़ा नगर पंचायत के लिए मोहन शर्मा और कमलेश मंडल को कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है, जबकि मिहिजाम नगर परिषद में होने वाले धरना प्रदर्शन की जिम्मेदारी सुरेश राय और परिचय मंडल को सौंपी गई है.

