रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे प्रत्याशियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. सोरेन सरकार के प्रस्ताव को राज्यपाल की मंजूरी मिल गई है, जिसके बाद राज्य में निकाय चुनाव का रास्ता साफ हो गया है.

सूत्रों के अनुसार, झारखंड में नगर निकाय चुनाव 10 से 15 फरवरी के बीच कराए जाने की संभावना है. राज्य निर्वाचन आयोग जल्द ही चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है. चुनाव एक ही चरण में संपन्न कराए जाएंगे.
विदित हो कि राज्य के 13 नगर निकायों का कार्यकाल वर्ष 2020 में ही समाप्त हो चुका था, जिसके बाद से चुनाव लंबित थे. राज्यपाल के यहां से संबंधित फाइल लौटते ही अब चुनाव की औपचारिक घोषणा जल्द कर दी जाएगी.
चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन, स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया करीब 10 दिनों के भीतर पूरी की जाएगी. इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया जाएगा.
प्रत्याशियों को लगभग 15 दिनों का समय चुनाव प्रचार के लिए मिलेगा. मतदान 10 से 15 फरवरी के बीच कराया जाएगा, जबकि मतदान के एक दिन बाद ही मतगणना कराए जाने की तैयारी है.
राज्य निर्वाचन आयोग और प्रशासनिक स्तर पर चुनाव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं. अब राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी- अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है.

