सरायकेला: झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर सरायकेला बार एसोसिएशन में बुधवार को गहमागहमी का माहौल देखने को मिला. एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता आपस में रायशुमारी करते नजर आए और अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में लामबंदी करते दिखे.

जानकारी के अनुसार जिला बार एसोसिएशन में कुल 234 अधिवक्ता मतदाता हैं. हालांकि इनमें से कुछ अधिवक्ताओं का निधन हो चुका है. इसके बावजूद चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है. बताया गया कि मतदान की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है. मतदान गुरुवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा.
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. करीब आठ वर्ष बाद झारखंड स्टेट बार काउंसिल का चुनाव हो रहा है, जिसे लेकर अधिवक्ताओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है.

