रांची: झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE), झारखंड के लिए विभिन्न संविदात्मक पदों पर भर्ती को लेकर विस्तृत विज्ञापन जारी किया है. यह भर्ती कला- संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत की जा रही है. विज्ञापन संख्या 73 दिनांक 30 दिसंबर 2025 के अनुसार योग्य भारतीय नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.

जारी विज्ञापन के अनुसार हेड कोच, कोच, असिस्टेंट कोच, मसाजर, फिजियोथेरेपिस्ट, वार्डन और न्यूट्रिशनिस्ट के कुल 49 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. हेड कोच के 8 पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 से 65 वर्ष तय की गई है, जिसमें हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन और कुश्ती शामिल हैं. इस पद पर चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह 1 लाख रुपये मानदेय दिया जाएगा.

कोच के 9 पदों के लिए आयु सीमा 25 से 40 वर्ष रखी गई है, जिन पर 70 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा. वहीं असिस्टेंट कोच के 5 पदों के लिए 21 से 40 वर्ष आयु सीमा निर्धारित की गई है और 40 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा.
इसके अलावा मसाजर के 9 पद, फिजियोथेरेपिस्ट के 7 पद, वार्डन के 11 पद और न्यूट्रिशनिस्ट के 4 पदों पर भी भर्ती की जाएगी. इन पदों के लिए आयु सीमा अधिकतम 45 से 55 वर्ष तक निर्धारित की गई है और मानदेय 25 हजार से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तय किया गया है.
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप ‘अनुलग्नक-ए’ में आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 30 जनवरी 2026 है. शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा. आवेदन एवं विस्तृत जानकारी झारखंड खेल प्राधिकरण की वेबसाइट या विभागीय ईमेल के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है. झारखंड खेल प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी समय बिना कारण बताए इस विज्ञापन को वापस लेने का अधिकार सुरक्षित रखता है.
यह भर्ती झारखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में बड़ी कदम मानी जा रही है, क्योंकि अनुभवी कोच और विशेषज्ञों की नियुक्ति से राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का अवसर मिलेगा.

