रांची: झारखंड सरकार ने सूबे में कानून- व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग को जल्द ही बड़ी संख्या में नई गाड़ियों की सौगात देने जा रही हैं. राज्य के विभिन्न जिलों और थानों के लिए कुल 1477 नए वाहनों का आवंटन किया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार इन वाहनों में 628 चार पहिया और 849 दो पहिया वाहन शामिल हैं. इन गाड़ियों को राज्य के सभी जिलों में जरूरत के अनुसार भेजा जाएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग को और मजबूत बनाया जा सके.
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को इन नई पुलिस गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री औपचारिक रूप से इन वाहनों को पुलिस विभाग को सौंपेंगे. नई गाड़ियों के शामिल होने से राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है. इससे आपराधिक घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी और दूर- दराज के इलाकों में भी पुलिस की पहुंच तेज हो सकेगी.
पुलिस मुख्यालय के अनुसार सभी वाहनों का वितरण जिलों और थानों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा, ताकि राज्य में पुलिसिंग को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाया जा सके.

