सरायकेला: गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी Ranking of Police Stations 2025 की वार्षिक रिपोर्ट में सरायकेला- खरसावां जिले के चौका थाना ने पूरे भारत में चौथा स्थान प्राप्त कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है. वहीं झारखंड राज्य में चौका थाना को सर्वश्रेष्ठ थाना घोषित किया गया है. यह उपलब्धि देशभर के 18 हजार से अधिक पुलिस थानों के बीच हासिल की गई है.

यह सफलता केवल एक थाना तक सीमित नहीं मानी जा रही है, बल्कि इसे वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी एवं सरायकेला- खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के कुशल नेतृत्व, सख्त अनुशासन और सेवा ही लक्ष्य की सोच का प्रत्यक्ष परिणाम माना जा रहा है. जिले की पुलिसिंग को नई दिशा देने, आम जनता का भरोसा जीतने और कानून- व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी भूमिका को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है.
ऐसे समय में जब झारखंड पुलिस की छवि को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं, सरायकेला- खरसावां जिले की यह उपलब्धि राज्य के लिए एक सकारात्मक संदेश और प्रेरणा बनकर सामने आई है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने अपने लगभग 18 महीने के कार्यकाल में न केवल अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता दी, बल्कि सोशल पुलिसिंग की भी प्रभावी मिसाल पेश की है.
अवैध अफीम की खेती पर सख्त कार्रवाई हो या ब्राउन शुगर जैसे नशे के कारोबार पर नियंत्रण, हर चुनौती को उन्होंने रणनीतिक और ठोस कदमों से काबू में किया है. उनके नेतृत्व में जिले के संगठित आपराधिक गिरोह या तो इलाका छोड़ने को मजबूर हुए हैं या अपनी गतिविधियों पर लगाम लगाने पर विवश हुए हैं.
आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक जिले में करीब 1565 आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जो बीते तीन वर्षों की तुलना में कम हैं. यह गिरावट जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की स्पष्ट तस्वीर पेश करती है.
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने इसका श्रेय पूरी पुलिस टीम और जिले की जनता को दिया. उन्होंने कहा कि चौका थाना के पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने कड़ी मेहनत और ईमानदारी से कार्य किया है, इसी का परिणाम यह राष्ट्रीय सम्मान है. उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों से इसी तरह उत्कृष्ट कार्य कर जनता का भरोसा जीतने की अपील की है.

