खरसावां: सरायकेला- खरसावां जिला के ओड़िया समुदाय के लोगों ने ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर झारखंड के ओड़िया भाषियों की समस्याओं से अवगत कराया है. इस पत्र में नंदू कुमार पांडेय, विप्लव पाणी समेत 58 लोगों के हस्ताक्षर हैं.

पत्र में झारखंड के विच्छिनांचल क्षेत्रों के ओड़िया विद्यार्थियों के लिए ओड़िशा के उच्च शिक्षण संस्थानों में पूर्व की तरह ‘ओएलओ’ कोटा बहाल करने की मांग की गई है. साथ ही ओड़िशा सरकार के विभिन्न विभागों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में झारखंड के ओड़िया भाषियों के लिए पूर्व निर्धारित नियुक्ति कोटा को लागू करने और ओड़िया भाषा, संस्कृति व कला के कार्यक्रमों में सहयोग देने की भी मांग की गई है.
इसके अलावा पत्र में कहा गया है कि झारखंड के स्कूलों में ओड़िया भाषा के नए पाठ्यक्रम की किताबें उपलब्ध नहीं हैं, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाई हो रही है. पत्र में ओड़िशा सरकार से आग्रह किया गया है कि वह झारखंड सरकार से बातचीत कर कक्षा नौ से लेकर डिग्री स्तर तक के छात्रों के लिए ओड़िया साहित्य की किताबें उपलब्ध कराए.
ओड़िशा सरकार ने लिया संज्ञान
ओड़िशा सरकार ने इस मांग पत्र पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है. ओड़िया भाषा, साहित्य और संस्कृति विभाग की उप सचिव संघमित्रा बेहरा ने संबंधित विभागों को पत्र भेजकर आवश्यक कदम उठाने को कहा है.

