रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने तिथियों की घोषणा कर दी है. राज्य के कुल 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा. जबकि 27 फरवरी को मतों की गिनती की जाएगी.

आयोग के अनुसार सभी नगर निकायों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. मतदान प्रक्रिया एक ही दिन में शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की गई है. चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं.

राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केंद्रों की तैयारी, कर्मियों की तैनाती और ईवीएम की व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
नगर निकाय चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं. चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आचार संहिता प्रभावी मानी जाएगी और सभी निकाय क्षेत्रों में इसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा.
इस चुनाव के माध्यम से नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा, जो शहरी विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे.

