गुमला: झारखंड के गुमला जिले में पुलिस और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (JJMP) के तीन नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है. मुठभेड़ स्थल से एक एके-47 राइफल और दो इंसास राइफल सहित तीन हथियार बरामद किए गए हैं.

जानकारी के अनुसार, गुमला पुलिस को इनपुट मिला था कि घाघरा जंगल क्षेत्र में JJMP के नक्सली किसी बड़ी साजिश की तैयारी में हैं. इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए गुमला पुलिस और झारखंड जगुआर की टीम ने संयुक्त रूप से जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
जंगल के भीतर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच आमना-सामना होते ही कई राउंड गोलियां चलीं. जवाबी कार्रवाई में तीन नक्सली ढेर हो गए. सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं. मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है ताकि इलाके में छिपे अन्य नक्सलियों की तलाश की जा सके. पूरे जंगल क्षेत्र को घेरे में लेकर ऑपरेशन चलाया जा रहा है. गुमला पुलिस ने इस सफलता को राज्य में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी बताया है.

