जमशेदपुर: झारखंड क्षत्रिय संघ गम्हरिया इकाई के अध्यक्ष संतोष सिंह का रविवार देर शाम हार्ट अटैक से निधन हो गया. वे 55 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर मिलते ही गम्हरिया और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई.

जानकारी के अनुसार देवनगरी में आयोजित संघ के पिकनिक कार्यक्रम से लौटने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे वे घर पहुंचे थे. घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी महसूस हुई. परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत के बाद परिजनों और समर्थकों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और धरने पर बैठ गए. परिजनों का आरोप है कि पैसे के अभाव में समय पर इलाज शुरू नहीं किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई.
सूचना मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन अस्पताल पहुंचे और धरने में शामिल हुए. उन्होंने घटना की निंदा करते हुए मामले की जांच, दोषी चिकित्सकों पर कार्रवाई और टीएमएच में कम से कम 100 बेड गरीबों के लिए आरक्षित करने की मांग की.
संतोष सिंह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका रही. वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं. फिलहाल टीएमएच परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

