कोडरमा: पुलिस ने बीते 15 जून की रात बिहार के छपरा जिले के स्वर्ण व्यवसाई से कोडरमा घाटी में हुए 80 लाख के सोना लूट के मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने सोना लूटकांड को अंजाम देने वाले 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 673 ग्राम सोने के बिस्कुट बरामद किए हैं. गिरफ्त में आये अपराधियों में अमन कुमार, सोनू कुमार, नीतीश कुमार, मो. कासिम और टिंकू कुमार शामिल हैं. जबकि एक फरार बताया जा रहा है.

पुलिस ने इस लूटकांड में इस्तेमाल की गई एक एर्टिगा और एक्सयूवी कार को भी बरामद करने में सफलता पाई है. पुलिस ने बताया कि अपराधियों ने सोने की लूट के लिए व्यवसाई की कार खराब होने का फायदा उठाया था. व्यवसायी ने पुलिस को बताया था कि वे अपने एक स्टाफ के साथ कोलकाता से सोने की बिस्किट लेकर वापस छपरा लौट रहे थे. इसी दौरान कोडरमा घाटी में उनकी कार खराब हो गई थी. कुछ लोग उनके पास मदद करने के ख्याल से पहुंचे और उनसे करीब 80 लाख रुपये के मूल्य की सोने की बिस्कुट की लूट कर ली.
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वर्ण व्यवसायी से लूटी गई सोने को बरामद किया है. पुलिस ने लूट की बरामद की गई सोने की कीमत 70 लाख रुपये बताई है.

