नई दिल्ली: झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपोलो अस्पताल पहुंचे और झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री तथा घाटशिला विधायक रामदास सोरेन का हाल जाना. उन्होंने डॉक्टरों से मंत्री रामदास सोरेन की चिकित्सा स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर ढाढ़स बंधाया और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस कठिन घड़ी में पूरा झारखंड उनके साथ खड़ा है.


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी और मंत्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है. हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि रामदास सोरेन जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर फिर से जनसेवा के कार्य में सक्रिय हों.

मालूम हो कि शनिवार की सुबह मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई. वे अपने आवास के वॉशरूम में गिर गए जिससे उनके सर में गंभीर चोट लगी. उन्हें गंभीर स्थिति में दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार अस्पताल प्रशासन से संपर्क में हैं.

