रांची: बुधवार को सरायकेला- खरसावां जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की. प्रतिनिधि मंडल ने 21 अक्टूबर को शहीद स्मारक समिति कुकडू द्वारा आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्यपाल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया.

इस अवसर पर सुनील कुमार महतो, पंचानन महतो, सुवर्ण महतो, सुदीप कुमार महतो और गंगाधर महतो भी मौजूद थे. विदित हो कि 21 अक्टूबर 1982 को ईचागढ़ प्रखंड के तिरुलडीह कैंप कार्यालय में छात्र-युवा मोर्चों के बैनर तले आयोजित धरना- प्रदर्शन के दौरान अंचल गार्ड द्वारा अंधाधुंध गोलीबारी से छात्र नेता अजीत महतो और धनंजय महतो शहीद हो गए थे.
इस शहादत दिवस पर शहीद स्मारक समिति कुकडू द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में स्थानीय बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों के सहयोग से चांडिल अनुमंडल के मैट्रिक और इंटर पास लगभग 200 छात्र-छात्राओं के बीच प्रतिभा विद्यार्थी खोज परीक्षा, प्रोत्साहन सम्मान समारोह और शैक्षणिक मार्गदर्शन भी किया जाएगा.
इस वर्ष 21 अक्टूबर 2025 को शहीद अजीत महतो और धनंजय महतो की 43वीं शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि माल्यार्पण और शैक्षणिक प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें मैट्रिक और इंटर में वर्ष 2024- 25 में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्रों को मासिक प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जाएगा. शहीद स्मारक समिति की ओर से श्रीमती मधुश्री महतो ने राज्यपाल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया. उन्होंने कहा कि राज्यपाल की भागीदारी छात्रों और ग्रामीणों के लिए प्रेरणास्रोत होगी और शहीदों को सम्मानित करने का अवसर प्रदान करेगी.

