गिरिडीह: जिले के गावां- सतगावां मुख्य पथ पर भूताही पुल के पास रविवार को एक भीषण हादसा हुआ. जहां एक अनियंत्रित एलपीजी गैस टैंकर ने धान रोपने जा रही पांच महिलाओं को रौंद डाला.

हादसे में 65 वर्षीय बसंतीया देवी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं
अन्य चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत गावां सीएचसी पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया. स्थानीय लोगों ने आलमपुर में टैंकर को पकड़कर पुलिस को सूचना दी. गावां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. बताया गया कि सभी महिलाएं मलहेत गांव की रहने वाली थीं और धान रोपने खेत जा रही थीं. इसी दौरान गैस टैंकर ने उन्हें कुचल दिया. मृतका की पहचान मादो रजवार की पत्नी बसंतीया देवी के रूप में हुई है. अन्य घायलों में सुगी देवी, उषा देवी, मीना देवी और पूनम देवी शामिल हैं. उधर घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने गावां- सतगावां मुख्य पथ को जाम कर दिया है. जाम स्थल पर जिला परिषद सदस्य पवन चौधरी, मुखिया चंदन कुमार और पुलिस बल के जवान मौजूद हैं.

