रांची: पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने वालों में सबसे अहम चेहरा पूर्व मुख्यमंत्री और गुरूजी के खास सिपाहसालर रहे चंपाई सोरेन का रहा. चंपाई सोरेन ने मंगलवार को गुरु जी के मोराबादी स्थित आवास पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी. इस दौरान उनकी आंखें नाम थी. उनके साथ उनके बड़े सुपुत्र सिमल सोरेन छोटे सुपुत्र बबलू सोरेन, आप्त सचिव गुरु प्रसाद महतो एवं विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य भी मौजूद रहे.

मालूम हो कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सबसे भरोसेमंद शिष्य हुआ करते थे. मगर बदले राजनीतिक परिस्थितियों के कारण चंपई सोरेन काफी दूर निकल चुके हैं. मगर शिबू सोरेन के निधन से वे आहत है. उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर अपनी संवेदना में लिखा है
“दिशोम गुरू आदरणीय शिबू सोरेन जी के निधन की दुखद सूचना से शोकाकुल हूँ. मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. यह एक युग का अंत है. झारखंड आंदोलन के दौरान पहाड़ों, जंगलों एवं सुदूरवर्ती गांवों से लेकर विधानसभा तक, आपके साथ बिताये पल याद आ रहे हैं. गुरु जी, महाजनी प्रथा एवं नशे के खिलाफ आदिवासियों, मूलवासियों तथा शोषित-पीड़ित जनता के संघर्ष को जिस प्रकार आपने दिशा दी, उसे आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी. आप हमेशा हमारे दिल में रहेंगे. आपके आदर्श एवं विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे. झारखंड की आम जनता के हितों को लेकर जो संघर्ष आपने शुरू किया था, वह जीवनपर्यंत जारी रहेगा.” 🙏

