चांडिल/ Bikash Thakur झारखंड शिक्षा परियोजना, सरायकेला- खरसावां के मार्गदर्शन में ईचागढ़ प्रखंड के एएन प्लस टू उच्च विद्यालय पिलीद एवं स्वामी श्रद्धानंद प्लस टू उच्च विद्यालय टीकर, साथ ही कुकड़ू प्रखंड के प्लस टू उच्च विद्यालय तिरुलडीह में शिक्षक- अभिभावक विशेष बैठक (एसपीटीएम) का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम में प्लस टू उच्च विद्यालय तिरुलडीह में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, स्वामी श्रद्धानंद प्लस टू उच्च विद्यालय टीकर में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो तथा एएन प्लस टू उच्च विद्यालय पिलीद में मुखिया लक्ष्मी देवी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं.

बैठक के दौरान विद्यालयों में बच्चों की शत- प्रतिशत उपस्थिति, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय तथा शैक्षणिक प्रदर्शन को और सुदृढ़ करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. इस अवसर पर नियमित उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों तथा शिक्षा के प्रति विशेष रुचि दिखाने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
एएन प्लस टू उच्च विद्यालय पिलीद में बच्चों ने स्वागत गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया. वहीं अभिभावकों के लिए मैजिक चेयर जैसे रोचक आयोजन और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे.
स्वामी श्रद्धानंद प्लस टू उच्च विद्यालय टीकर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने कहा कि शिक्षक और अभिभावक के आपसी सहयोग से ही सकारात्मक और प्रभावी शिक्षण वातावरण का निर्माण संभव है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित और समय पर विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित कराने में विद्यालय प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
कार्यक्रम में प्राचार्य मिताली, मिलन रक्षित, वरिष्ठ पत्रकार अरुण माझी सहित पंचानन पातर, दिलीप दास, अरुण महतो, सुबोध गोराई, हाराधन महतो, दीप्ति कुमारी, गुरु चरण सरदार, राकेश भारद्वाज, श्वेता खलखो समेत बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे.

