ब्रेकिंग: झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन नहीं रहे. उनके पुत्र ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट से जानकारी साझा की है. मालूम हो कि बीते दो अगस्त को शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन अपने जमशेदपुर के घोड़ाबांधा आवास के वॉशरूम में गिर गए थे, जिनसे उन्हें सर में गंभीर चोटें आई थी.

चिकित्सकों ने उन्हें ब्रेन हेमरेज होने की बात कही थी. उसके बाद एयरलिफ्ट कर उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया था. जहां उनका इलाज चल रहा था. हालांकि उनकी स्थिति में किसी तरह की कोई सुधार नहीं हुई. अंतत: शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया. उनके आकस्मिक निधन के बाद राज्य में शोक की लहर दौड़ पड़ी है.
झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने अपने फेसबुक पेज पर शिक्षा मंत्री के मौत की पुष्टि करते हुए लिखा है कि.
“आप सभी को अत्यंत दुःख के साथ यह सूचना साझा कर रहा हूँ कि राज्य के स्कूली शिक्षा व निबंधन मंत्री तथा घाटशिला विधानसभा के विधायक माननीय रामदास सोरेन जी अब हम सबके बीच नहीं रहे. उनके लाखों चाहने वालों, शुभचिंतकों, कर्मठ कार्यकर्ताओं, स्कूली शिक्षा व निबंधन विभाग के सहयोगियों और हम सबके लिए एक व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है. पूरा झामुमो परिवार इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के सभी चिकित्सकों और उनकी टीमों के सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त करता है कि उन्होंने पिछले 2 अगस्त से लेकर आज तक दिन रात उन्हें ठीक करने के लिए बहुत मेहनत की लेकिन ईश्वर की मर्जी के आगे हम सब मजबूर हैं.
ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। ऊँ शांति !

मुख्यमंत्री ने जताई संववेदना: लिखा “ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा…
शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया “एक्स” पर लिखा ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा…
अंतिम जोहार दादा…

चंपाई सोरेन ने ट्वीट कर जताई संवेदना
शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने अपनी संवेदना प्रकट की है. सोशल मीडिया “एक्स” पर ट्वीट कर उन्होंने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा है ” झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन जी के निधन की दुःखद सूचना से व्यथित हूं. मारंग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दे. ”
अंतिम जोहार


