दुमका: जिले से बुधवार तड़के एक बड़ी और दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है. जहां मसानजोर थाना अंतर्गत पुराना थाना के ठीक सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार अहले सुबह सड़क किनारे पैदल जा रहे व्यक्ति को ट्रक ने कुचल दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि घायल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई और कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा.
सूचना मिलते ही मसानजोर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की. मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराना थाना के आसपास लंबे समय से सड़क पर अतिक्रमण है, जिससे सड़क संकरी हो गई है. इसी अतिक्रमण के कारण भारी वाहनों और पैदल चलने वालों के बीच लगातार खतरा बना रहता है. लोगों का आरोप है कि प्रशासन को कई बार शिकायत के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसका खामियाजा आज एक व्यक्ति को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा.
फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. वहीं इस घटना के बाद प्रशासनिक लापरवाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

