धनबाद: जिले के बाघमारा से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मां की ममता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. रामकनाली ओपी अंतर्गत श्रीधरपुर गांव में एक मां ने अपने ही 25 वर्षीय बेटे विक्रम बाउरी की हत्या कर दी.

आरोपी मां ने खुद इस घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस को बताया कि उसका बेटा लंबे समय से नशे का आदी था. शनिवार की रात भी वह नशे की हालत में था. पहले उसने घर में आग लगा दी. जब घर के लोगों ने आग बुझाई तो उसने चाकू से हमला करने की कोशिश की.
इतना ही नहीं, उसने अपनी पत्नी को भी मारने की कोशिश की. घरवालों ने किसी तरह उसे काबू में किया और बिजली के खंभे से बांध दिया. इसी दौरान मां ने कुल्हाड़ी से उस पर वार कर दिया. घायल बेटे की मौके पर ही तड़प- तड़पकर मौत हो गई. सूचना मिलते ही रामकनाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. आरोपी मां को हिरासत में ले लिया गया है.
स्थानीय लोगों और परिवारवालों के अनुसार, मृतक विक्रम बाउरी जब नशे में होता था तो वह खुद को घायल कर लेता था. लगभग पांच साल पहले उसने अपनी मां का अंगूठा तक काट डाला था. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी मां से पूछताछ की जा रही है.

