रांची: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस की यात्रा पूरी कर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को रांची पहुंचे. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस अवसर पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की टीम भी उनके साथ लौटी.

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्होंने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया है और समय- समय पर राज्यवासियों को वहां की गतिविधियों की जानकारी दी जाती रही है. उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार झारखंड ने इतने बड़े वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस का अनुभव राज्य के विकास में नई दिशा देगा. उन्होंने बताया कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के साथ- साथ यहां की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया गया है. यह राज्य के लिए एक नया आयाम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
हेमंत सोरेन ने विश्वास जताया कि इस पहल का लाभ झारखंड की युवा पीढ़ी को मिलेगा और राज्य में निवेश तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.

