रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शुक्रवार शाम केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में औपचारिक मुलाकात की. इस अवसर पर राज्य सरकार, कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया की अनुषंगी इकाइयों के अधिकारियों के बीच कोल माइंस और खनन क्षेत्र की बेहतरी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.

बैठक में खनिज रॉयल्टी, कोल माइंस के लिए जमीन अधिग्रहण, रैयतों को मुआवजा और नौकरी, विस्थापितों के पुनर्वास, डीएमएफटी- सीएसआर फंड के इस्तेमाल और कोल परियोजनाओं के संचालन में आ रही अड़चनों पर विस्तार से विचार- विमर्श हुआ. मुख्यमंत्री ने कोल माइंस से जुड़े मुद्दों पर राज्य सरकार का पक्ष रखा, जबकि केंद्रीय मंत्री ने खनन परियोजनाओं को लेकर आ रही समस्याओं से अवगत कराया. मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के आपसी सहयोग से ही कोल माइंस की समस्याओं का समाधान संभव है और खनन क्षेत्र को आगे ले जाने के लिए मिलकर प्रयास जरूरी है.

बैठक में खनन क्षेत्र और आसपास रहने वाले लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने, खनन कार्य पूरा हो चुके जमीन की वापसी, अवैध खनन से हो रहे हादसों पर नियंत्रण और सुरक्षा मानकों के पालन पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा कोल परियोजनाओं के संचालन में आ रही बाधाओं को दूर करने के उपायों पर भी बात हुई.

इस मौके पर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, केंद्रीय खनन मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी संजय लोहिया, केंद्रीय कोयला मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी सनोज कुमार झा, राज्य सरकार के राजस्व विभाग के सचिव चंद्रशेखर, खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अरवा राजकमल, निदेशक खान एवं भूतत्व राहुल सिन्हा, कोल इंडिया के चेयरमैन पीएम प्रसाद, सीसीएल के सीएमडी निलेन्दु कुमार सिंह, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, हिंदुस्तान कॉपर के सीएमडी संजीव कुमार सिंह, केंद्रीय कोयला मंत्री के पीएस पंकज जैन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.

