सरायकेला: जिले के जिलिंगोड़ा गांव में उस समय शोक की लहर और गहरा गई, जब राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वीर सोरेन को अंतिम विदाई देने पहुंचे. मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इस दौरान सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा तथा पूर्व सांसद गीता कोड़ा, भाजपा नेता रमेश हांसदा सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहे. सभी नेताओं ने वीर सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, समर्थक और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. पूरे गांव में गमगीन माहौल देखने को मिला. गौरतलब है कि स्व. वीर सोरेन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पौत्र और घाटशिला से भाजपा के प्रत्याशी रहे बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे. मंगलवार को मनाली घूमने गए वीर की तबीयत खराब होने के बाद उनकी मौत हो गई थी. इधर बुधवार देर रात विशेष विमान से वीर के शव को रांची लाया गया. वहां से सड़क मार्ग से जमशेदपुर होते हुए पैतृक गांव जिलिंगोड़ा लाया गया. जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया. घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन एवं भाजपा नेता बाबूलाल सोरेन को राजनीतिक और सामाजिक जगत से सांत्वना देने वालों का जन सैलाब उमड़ पड़ा है.

