सरायकेला: झारखंड राज बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य विकास दोदराजका ने मंगलवार को सरायकेला जिले का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत से मुलाकात की और बाल संरक्षण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों पर चर्चा की.

दौरे के दौरान श्री दोदराजका ने बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने समिति के सदस्यों से बैठक की और बाल संरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने आवश्यकताओं का आकलन कर सुधार के सुझाव भी दिए. उन्होंने कहा कि जिले में बच्चों के हित में हो रहे कार्य सराहनीय हैं, लेकिन अभी भी कई पहलुओं पर ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने यह भी कहा कि बाल अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा.
इस मौके पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी संतोष ठाकुर, बाल कल्याण समिति सदस्य जायदु कर्जी, हैदर सहित अन्य लोग मौजूद थे. आयोग सदस्य ने उपस्थित अधिकारियों को बाल सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया.
उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है. बच्चों के लिए काम कर रही संस्थाओं को मजबूत बनाना और उन्हें हरसंभव सहयोग देना जरूरी है.

