चतरा: जिले के कोयलांचल क्षेत्र अंतर्गत पिपरवार थाना इलाके में पुलिस और कुख्यात राहुल सिंह उर्फ अमन साव गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. यह मुठभेड़ कारो मैदान के पास उस समय हुई, जब पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं.

सूचना मिलते ही टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में पिपरवार थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर अभियान शुरू किया गया. जैसे ही टीम कारो मैदान के पास पहुंची, अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक अपराधी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा.
घायल अपराधी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेज दिया गया है. वहीं अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान तेज कर दिया गया है.
घटना की सूचना के बाद चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और फरार अपराधियों की तलाश लगातार की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य कोयलांचल क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों और कारोबारियों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से सक्रिय थे और किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे. पुलिस की तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई.
मुठभेड़ के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस लगातार गश्त और तलाशी अभियान चला रही है.

