सरायकेला: झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने वित्तीय वर्ष 2026- 27 के झारखण्ड बजट का स्वागत करते हुए इसे राज्य के समग्र विकास, सामाजिक न्याय एवं जनकल्याण की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी बताया है.

उन्होंने कहा कि सरायकेला सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की घोषणा कोल्हान क्षेत्र और पूरे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है. इससे स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाएं सशक्त होंगी. डॉ. महतो ने “मईया सम्मान योजना” एवं “मईया सम्मान निधि” के विस्तार को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताया. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट किसान, मजदूर, युवा, महिला, छात्र और आदिवासी- मूलवासी समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है.
उन्होंने कहा कि यह बजट केवल वित्तीय प्रावधान नहीं, बल्कि झारखण्ड के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का रोडमैप है. यह बजट शिबू सोरेन के सपनों के अनुरूप सशक्त झारखण्ड के निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम है.
डॉ. महतो ने केंद्र सरकार से झारखण्ड की लंबित बकाया राशि और खनिज रॉयल्टी के शीघ्र भुगतान की मांग भी की, ताकि राज्य के संसाधनों का पूरा लाभ जनता को मिल सके.
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट झारखण्ड को विकास और समृद्धि के नए आयाम तक पहुंचाएगा.

