जमशेदपुर: तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में आयोजित 71वीं सीनियर नेशनल बॉल बेडमिंटन चैंपियनशिप में झारखंड की पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया. टीम ने सुपर लीग में बिहार, चंडीगढ़, त्रिपुरा, असम, उत्तराखंड और डी.ए.ई. जैसी मजबूत टीमों को हराकर प्री क्वार्टर में जगह बनाई. इसके बाद प्री क्वार्टर में छत्तीसगढ़ को हराकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. हालांकि क्वार्टर फाइनल में टीम को तेलंगाना के खिलाफ कड़ी टक्कर के बाद हार का सामना करना पड़ा.

वहीं, झारखंड की महिला टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया. महिला खिलाड़ियों ने सुपर लीग मैच में मध्यप्रदेश, हरियाणा, त्रिपुरा और गुजरात जैसी टीमों को मात देकर प्री क्वार्टर में अपनी जगह पक्की की. प्री क्वार्टर में छत्तीसगढ़ से कड़ा मुकाबला करते हुए महिला टीम को हार का सामना करना पड़ा.
झारखंड महिला टीम की खिलाड़ी लक्ष्मी मुर्मू को ‘बेस्ट अपकमिंग प्लेयर’ का खिताब मिला. झारखंड बॉल बेडमिंटन संघ के महासचिव मज्जी रवि कुमार और संघ के सभी पदाधिकारियों ने पुरुष और महिला टीम के खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी. 71वीं सीनियर नेशनल बॉल बेडमिंटन चैंपियनशिप का समापन हो चुका है. दोनों टीमें एक साथ 1 अक्टूबर को जमशेदपुर लौटेंगी.

