रांची: झारखंड पुलिस सेवा में इतिहास रचते हुए 1994 बैच की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा को झारखंड का प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है. गुरुवार देर रात गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई, जिसके बाद शुक्रवार को उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया. इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय में कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

तदाशा मिश्रा वर्तमान में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं. उन्हें राज्य के पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के इस्तीफे के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. अनुराग गुप्ता ने दो दिन पहले अपने पद से इस्तीफा दिया था, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है.
तदाशा मिश्रा का पुलिस सेवा में एक लंबा और प्रभावशाली अनुभव रहा है. उन्होंने अपने करियर के दौरान राज्य पुलिस, महिला अपराध शाखा, प्रशिक्षण विभाग सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है. वे एक सख्त, संवेदनशील और परिणाममुखी अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं.
पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा, कानून- व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना तथा अपराध और नशे के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाना रहेगा. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में महिला सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग को नए आयाम दिए जाएंगे ताकि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना और मजबूत हो सके.
राज्य में पहली बार किसी महिला अधिकारी के प्रभारी डीजीपी बनने से पुलिस विभाग के साथ-साथ महिला कर्मियों में भी उत्साह देखा जा रहा है. यह झारखंड पुलिस के इतिहास में एक नई शुरुआत मानी जा रही है.

