गिरिडीह: गुरुवार सुबह बेंगाबाद टोल प्लाजा के समीप एक ऑटो के अनियंत्रित होकर पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया. ऑटो में सवार सभी यात्री देवघर जिले के प्रसिद्ध बुढ़ई मेले में मुंडन कराने जा रहे थे. जैसे ही वाहन नावासार के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और ऑटो सड़क किनारे पलट गया. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

हादसे में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान एक घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महुआर निवासी 58 वर्षीय रामचंद्र पासी के रूप में की गई है.
अन्य घायलों में 59 वर्षीय लट्टू महतो, 40 वर्षीय दुलारी देवी, 45 वर्षीय रधिया देवी और 35 वर्षीय टिंकू यादव शामिल हैं. डॉक्टरों ने बताया कि रधिया देवी की स्थिति अभी भी काफी गंभीर बनी हुई है. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन हादसों पर रोक लगाने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने ऑटो को जब्त कर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

