चतरा: हजारीबाग के चर्चित खासमहल भूमि घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चतरा की डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. एसीबी की यह कार्रवाई एसपी आरिफ इकराम के नेतृत्व में की गई, जिसमें चतरा सदर थाना पुलिस ने भी सहयोग किया.

बताया जाता है कि एसीबी की टीम ने देर शाम विकास भवन स्थित डीआरडीए निदेशक कार्यालय में पहुंचकर अलका कुमारी को गुपचुप तरीके से हिरासत में लिया. इसके बाद उन्हें सीधे सदर थाना ले जाया गया, जहां उनसे एसीबी एसपी के नेतृत्व में पूछताछ की जा रही है.
सूत्रों के अनुसार, यह गिरफ्तारी हजारीबाग के चर्चित खासमहल जमीन घोटाला मामले से जुड़ी है. आरोप है कि आईएएस विनय चौबे के हजारीबाग उपायुक्त रहने के दौरान अलका कुमारी सदर अंचल अधिकारी थीं और उस दौरान खासमहल की जमीन के अवैध निबंधन और जमाबंदी में उनकी भूमिका रही थी. इसी मामले में पूर्व में गिरफ्तार आईएएस विनय चौबे और तत्कालीन खासमहल पदाधिकारी विनोद चंद्र झा पहले से न्यायिक हिरासत में हैं.
एसीबी की इस कार्रवाई की जानकारी जैसे ही विकास भवन और प्रशासनिक हलके में फैली, पूरे जिले में हड़कंप मच गया. हालांकि, अभी तक एसीबी या जिला प्रशासन के किसी अधिकारी ने औपचारिक रूप से गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है.
गवाहों के अनुसार, कार्रवाई इतनी गोपनीय थी कि कार्यालय के कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी. महिला दारोगा और महिला बल के साथ एसीबी अधिकारियों ने सादे लिबास में कार्यालय पहुंचकर निदेशक के कक्ष में प्रवेश किया और कुछ देर की बातचीत के बाद अलका कुमारी को अपने साथ ले गए. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पूछताछ के बाद उन्हें हजारीबाग ले जाया जाएगा या चतरा में ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा.

