सरायकेला/ Pramod Singh अब कॉलेजों में इंटरमीडिएट में नामांकन नहीं होगा. जैक बोर्ड से मैट्रिक पास करने वाले छात्रों के लिए इंटर में नामांकन कराना कठिन हो गया है. चालू शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालयों में इंटर की पढ़ाई बंद कर दी गई है.

कोल्हान विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. परशुराम सियाल ने इस संबंध में सभी कॉलेजों को पत्र जारी किया है. पत्र में कहा गया है कि राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के निर्देश के बाद यह फैसला लिया गया है. नई शिक्षा नीति के तहत महाविद्यालयों में इंटर में नामांकन पर रोक लगा दी गई है. हालांकि, जो छात्र ग्यारहवीं में उत्तीर्ण होकर बारहवीं में नामांकित हैं, वे अपनी पढ़ाई कॉलेज से ही पूरी कर सकेंगे. लेकिन ग्यारहवीं में फेल होने वाले छात्रों को अपनी पढ़ाई दूसरे संस्थान से करनी होगी. अगर कोई कॉलेज ग्यारहवीं में नामांकन लेता है तो उसके प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

