मधुपुर/ Md. Aslam अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न अंचलों में ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से सघन जांच अभियान चलाया गया. इस क्रम में मार्गोमुंडा, पथरोल एवं करों थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में स्थित आभूषण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया.

निरीक्षण के दौरान करों थाना क्षेत्र के पीपल चौक बाजार स्थित सुशील पोद्दार ज्वेलरी दुकान के संचालक अमित कुमार साह तथा मार्गोमुंडा बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान के संचालक रमेश पोद्दार की दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई. जांच में पाया गया कि दोनों दुकानों में 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे दुकान के अंदर और आसपास की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है.
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि ग्राहक और दुकानदार के बीच आवश्यक सुरक्षा घेरा यानी सेफ्टी बैरियर नहीं लगाया गया है, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से एक गंभीर कमी माना गया. इस पर मधुपुर अंचल पुलिस निरीक्षक राउतु होनहागा ने संबंधित दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए और जल्द से जल्द काउंटर एवं ग्राहक के बीच सुरक्षा घेरा लगाया जाए.
अंचल निरीक्षक ने कहा कि ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत संवेदनशील होती है और किसी भी प्रकार की लापरवाही अप्रिय घटना को जन्म दे सकती है. उन्होंने सभी ज्वेलरी दुकानदारों से निर्धारित मानकों के अनुरूप सीसीटीवी कैमरा, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा घेरा सुनिश्चित करने की अपील की.
इस निरीक्षण अभियान से बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है और अन्य दुकानदारों को भी अपनी सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने का स्पष्ट संदेश मिला है.

