जमशेदपुर: बसंत उत्सव समिति के तत्वावधान में 8 फरवरी को संध्या 5:30 बजे से एग्रिको पोस्ट ऑफिस मैदान में भव्य बसंत उत्सव का आयोजन किया जाएगा. इसकी जानकारी समिति के व्यवस्थापक सामंतो कुमार ने दी.

उन्होंने बताया कि बसंत उत्सव की परंपरा विश्वकवि रवींद्रनाथ ठाकुर ने शांतिनिकेतन से शुरू की थी, जिसे आज विश्वभर में अपनाया जा चुका है. यह उत्सव प्रकृति प्रेम, सौंदर्य और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक है.
कार्यक्रम के तहत दोपहर 2 बजे से चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 500 बच्चे एक साथ बैठकर चित्रांकन करेंगे. संध्या 5:30 बजे मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत होगी. इस अवसर पर कोलकाता की प्रसिद्ध बांग्ला गायिका केमेलिया दास और गायक अनिरुद्ध अपनी प्रस्तुतियां देंगे. वहीं नृत्यांगना सौमि बोस की टीम बसंत थीम पर विशेष नृत्य प्रस्तुति देगी.
उत्सव में विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें फूड फेस्टिवल मुख्य आकर्षण रहेगा. सामाजिक दायित्व को ध्यान में रखते हुए प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा. इसके अलावा बीएनटीसी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस कॉलेज, गोविंदपुर द्वारा नि:शुल्क मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा.
इस वर्ष नई कमेटी का गठन किया गया है. मुख्य संरक्षक तापस मित्र, चेयरमैन पार्थ सारथि सेन, चीफ एडवाइजर अचिन्तम गुप्ता, अध्यक्ष अल्पना भट्टाचार्य, महासचिव स्वपन राय और कोषाध्यक्ष रंजन बनर्जी सहित अन्य सदस्य आयोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे. बसंत उत्सव को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

