आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद एवं जननायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर जन कल्याण मोर्चा एवं झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (JALADO) की ओर से गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई है. इन संगठनों ने दिवंगत नेता को झारखंड के सामाजिक न्याय और आदिवासी अस्मिता का प्रतीक बताया.

JALADO के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता ओम प्रकाश ने कहा कि शिबू सोरेन जी का जीवन संघर्ष, साहस और समर्पण की मिसाल है. उन्होंने संथाल समाज की महाजन प्रथा के विरुद्ध जनआंदोलन चलाया और हजारों गरीबों को न्याय दिलाया. उनकी नेतृत्व क्षमता और राजनीतिक दूरदृष्टि ने झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई.
ओम प्रकाश ने कहा कि दिशोम गुरु का जाना झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता रहेगा. जन कल्याण मोर्चा एवं JALADO की ओर से उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए गए. संगठन की ओर से ईश्वर से प्रार्थना की गई कि दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति मिले.

